रामशहर काॅलेज में विदाई समारोह का आयोजन, विद्यार्थियों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। राजकीय महाविद्यालय रामशहर में बीए और बीकॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने मिलकर अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सिमरन घिल्डियाल ने किया। उन्होंने तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सतत प्रयासरत रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण मिस्टर व मिस फेयरवेल का चयन रहा। इसमें बीए तृतीय वर्ष के छात्र कुलविंद्र सिंह को मिस्टर और बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मनीषा को मिस फेयरवेल के खिताब से सम्मानित किया गया। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास से सभी का दिल जीता। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इनमें गीत, नृत्य, कविता पाठ और मनोरंजक गतिविधियां शामिल थीं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनमोह लिया। तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालय में बिताए गए पलों को याद किया और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक संदीप कुमार, प्रो. डीसी नेगी, डॉ. तनु कलसी, प्रो शशि के पालनाटा और डॉ. श्वेता शर्मा उपस्थित रहीं।