नाहन/ नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर में बर्फबारी एक बार फिर लोगों के लिए दुश्वारियां लेकर आई है। सोमवार रात से ही सिरमौर के ऊपरी इलाकों, हरिपुरधार, जो का बाग, चूड़धार आदि इलाकों में देर रात तक बर्फबारी का दौर रुक- रुककर चलता रहा। जबकि, निचले इलाकों में बारिश होने से कड़ाके की ठंड पड़ गई है। बर्फबारी की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 62 पंचायतों में फिर ब्लैक आउट छा गया है। जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए हैं।
इस साल सिरमौर में बर्फबारी से भारी नुकसान हुआ है। इसी महीने के शुरुआती दिनों में हुई बर्फबारी के कारण करीब डेढ़ सप्ताह तक बिजली गुल रही। वहीं, सड़कों पर यातायात भी दो-तीन दिन बंद रहा। अब सोमवार रात से फिर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। समाचार लिखे जाने तक हरिपुरधार में करीब चार सेंटीमीटर, चूड़धार में एक फीट बर्फबारी हुई थी। जबकि, नौहराधार के समीप जो का बाग में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। सिरमौर के ऊंचे इलाके बर्फ के सफेद चादर के आगोश में समा गए हैं। बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। बर्फबारी से सोलन-मिनस, हरिपुरधार-नाहन, हरिपुरधार-रोनहाट सड़कें बंद हो गई है। इन सड़कों पर वाहनों को चलाना खतरनाक साबित हो रहा है। इसके अलावा निचले इलाकों में बारिश होने से भी यातायात प्रभावित हुआ है। नाहन-चौपाल, पांवटा-गत्ताधार, कोटीभौंच-हरिपुरधार, नाहन-कुफटू, नाहन-नौहराधार सड़क मार्गों पर आधा रास्ते तक ही वाहन जा रहे हैं। उधर, हरिपुरधार, नौहराधार समेत करीब 62 पंचायतों में बर्फबारी के कारण ब्लैक आउट चल रहा है। कइ इलाकों में सोमवार रात तो कई स्थानों पर मंगलवार सुबह से बत्ती गुल चल रही है। इस वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एचआरटीसी के अड्डा प्रभारी सुखराम ठाकुर ने बताया कि कुछ मार्ग यातायात के लिए बाधित हुए हैं। हालांकि, कहीं पर भी निगम की बसें नहीं फंसी है।