नाहन (सिरमौर)। बारिश के बाद नाहन शहर की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। क्या स्कूली बच्चे और क्या आम लोग। सड़क पर एक-एक कदम टिकाना लोगों को भारी पड़ रहा था। आते जाते वाहनों के चलते सड़क पर जमा कीचड़युक्त पानी के छींटे लोगों पर पड़ रहे थे। कहीं खुद को कीचड़ से बचाना चुनौती भरा हो रहा था। मंगलवार को शहर के माल रोड व गुन्नूघाट, गुरुद्वारा व पक्का तालाब की सड़कों पर कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा था। यशवंत चौक से लेकर माल रोड होते हुए गुन्नूघाट की सड़कें कीचड़ से सनी रहीं। वहीं कोर्ट रोड पर पुलिस लाइन व गुुरुद्वारा के आसपास और पक्का तालाब वाली सड़क कीचड़ से बेहाल रही। इसका मुख्य कारण है कि हाल ही में ही शहर की इन सड़कों के नीचे आईपीएच विभाग ने पाइप लाइन दबाई है। शहर में टैंक टू टैंक पाइप लाइन दबाने का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जिन सड़कों के नीचे पाइप को दबाया गया है, वहां सड़कों की हालत बद से बदतर हो गई है। पूरी सड़कें कीचड़ से सनी पड़ी हैं। सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों के साथ साथ स्कूली बच्चों को हो रही है। सड़क से गुजरते वाहनों के कारण कीचड़ लोगों के कपड़ों पर उछल रहा है। लोग कीचड़ से ही लथपथ होकर
घरों की ओर पहुंच रहे हैं। लोगों का इन सड़कों से गुजरना किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं है। वहीं बाइक चालक सड़कों पर स्किड हो रहे हैं। शहर के लोगों ने नगर परिषद व आईपीएच विभाग से मांग की कि जल्द से जल्द सड़कों को सुधारा जाए। साथ ही पाइप लाइन बिछाने का काम भी शीघ्र पूरा किया जाए। उधर, आईपीएच विभाग के एक्सईएन मनदीप गुप्ता ने बताया कि शहर में पाइप बिछाने का काम जारी है। शहर में नई सीवरेज भी बिछेगी। इसका काम भी जल्द शुरू होगा। सड़कें की हालत सुधारने को लेकर संबंधित विभागों को बजट जारी किया गया है। सभी कार्य पूरे होने पर ही मरम्मत व सुधार के कार्य भी हो पाएंगे।