स्कूटी को लगा दी आग, तीन बाइकें तोड़ीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में वीरवार रात शरारती तत्वों ने अलग-अलग जगह दोपहिया वाहनों को काफी नुकसान पहुंचाया। एक ही रात में शरारती तत्वों ने एक स्कूटी को आग लगा दी, जबकि अन्य दो मोटरसाइकलों सहित एक बुलेट का सीट कवर फाड़ दिया। वारदातों को अंजाम देने के बाद वाहन चालक दहशत में हैं। हैरानी की बात यह है कि घर के बाहर गलियों में पार्क किए गए वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक शहर के हरिपुर मुहल्ला में देर रात शरारती तत्वों ने एक स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। यह स्कूटी आईपीएच विभाग नाहन में कार्यरत सुपरवाइजर अब्दुल मजीद की बताई जा रही है।
स्कूटी मालिक ने इसकी शिकायत गुन्नू पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। अब्दुल मजीद ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह लालटेन चौक के समीप गली में घर के बाहर अपना दोपहिया वाहन खड़ा किया था। देर रात अज्ञात लोगों ने स्कूटी में आग लगा दी। रात्रि करीब सवा दो बजे जब स्कूटी में आग भड़की तो पड़ोसी और परिवार के लोग बाहर आए। इसके बाद उन्होंने पानी डालकर आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई थी। इसके अलावा शरारती तत्वों ने रानीताल के समीप विक्रमबाग के पूर्व प्रधान राजीव चौहान की बाइक की सीट कवर फाड़ने के अलावा चारों इंडीकेटर भी तोड़ डाले। इसके अलावा सीएमओ ऑफिस के निकट मुजाहिर खान और सोहेल आजम की बुलेट तथा बाइक के सीट कवर फाड़ दिए। ऐेसे में वाहन मालिकों के सामने अब पार्किंग को लेकर भी दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। उधर, गुन्नूघाट पुलिस चौकी के प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी को मिली शिकायतों के बाद मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शरारती तत्वों के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
बाक्स
शहर में पहले ही चुनिंदा पार्किंग
नाहन शहर में दिन प्रतिदिन वाहनों की संख्या बढ़ रही है। इसके मुकाबले शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। लोगों के वाहन सड़कों के किनारे रात भर पार्क रहते हैं। वहीं, दोपहिया वाहन अधिकतर लोग घरों के बाहर ही खड़े करते हैं। शहर में चर्चाएं हैं कि ऐसी वारदातों के बाद वाहनों को कहां पार्क किया जाए, जिससे उनके वाहन सुरक्षित रह सकें।