Sanjauli College: संजौली कॉलेज में SFI ने किया 6 घंटे प्रदर्शन, पुलिस की मौजूदगी में लगीं कक्षाएं, जानें मामला
शनिवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक छह घंटे एसएफआई की संजौली कॉलेज इकाई ने धरना-प्रदर्शन भी किया। इस दौरान मुख्य गेट पर पुलिस के जवान और कॉलेज प्रबंधन की ओर से स्टाफ तैनात रहा।
विस्तार
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज संजौली में हंगामे और शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों की ओर से की गई धक्कामुक्की, बदसलूकी के मामले में पुलिस ने प्रिंसिपल डॉ. भारती भागड़ा की लिखित शिकायत पर छह विद्यार्थियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, कॉलेज में शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में कक्षाएं लगीं। सुबह दस बजे से परिसर के बाहर पुलिस जवान तैनात रहे। वहीं, सुबह दस बजे से दो बजे तक छह घंटे एसएफआई की संजौली कॉलेज इकाई ने धरना-प्रदर्शन भी किया। इस दौरान मुख्य गेट पर पुलिस के जवान और कॉलेज प्रबंधन की ओर से स्टाफ तैनात रहा।
एक-एक छात्र-छात्राओं के आई कार्ड देख कर परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई। परिसर में हंगामा करने पर शुक्रवार को कॉलेज प्रशासन ने पांच विद्यार्थियों को निष्कासित कर दिया था। उसके बाद पुन: जारी निष्कासन के आदेशों में छह विद्यार्थियों को शामिल किया गया था। इनमें दो छात्राएं भी शामिल हैं। इस निष्कासन के विरोध में शनिवार को एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट के बाहर सुबह दस से दो बजे तक धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान गेट पर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य से बात करनी चाही। पुलिस ने उन्हें परिसर में प्रवेश करवाया। पुलिस की ओर से एएसपी एसएफआई के छात्र नेताओं के साथ कॉलेज परिसर में आए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और छात्र नेताओं के साथ अलग-अलग बातचीत कर परिसर के माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की।
निष्कासन करें रद्द आंदोलन करेंगे तेज
निष्कासन के विरोध में शनिवार को धरने पर बैठे एसएफआई की संजौली कॉलेज इकाई के कार्यकर्ताओं की कॉलेज प्रशासन ने कोई बात नहीं सुनीं। इकाई के अध्यक्ष प्रवेश और सचिव अंशुल ने कहा कि छह छात्रों के निष्कासन को वापस लिया जाए। यदि निष्कासन रद्द नहीं किया गया, तो एसएफआई छात्रों को साथ लेकर कॉलेज प्रशासन का घेराव करेगी और आंदोलन को और तेज करेगी।
शिक्षकों से उलझ गए थे छात्र
संजौली कॉलेज में वीरवार को एक छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में आरोपी छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर छात्र शिक्षकों से उलझ गए थे। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण होने से सुबह के समय कॉलेज में कक्षाएं भी नहीं लगीं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस दौरान पुलिस कुछ छात्रों को थाने भी लेकर गई थी। मामले में कॉलेज प्रशासन ने छह छात्रों को निष्कासित कर दिया है। अब प्रिंसिपल की शिकायत पर विनाश, प्रवेश, आर्यन, अंशुल, सुहानी और रितिक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिसर में शनिवार को नियमित कक्षाएं लगीं। बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए परिसर में पुलिस के जवान तैनात रहे। कॉलेज में भविष्य में भी नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जाएंगी। छात्रा की आई शिकायत का मामला कॉलेज के बाहर का है, इसमें पुलिस ने अपने स्तर पर दोनों विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाकर बातचीत भी की है। यह मामला सुलझ गया है। चूंकि मामला कॉलेज के बाहर का था, तो इसमें कॉलेज की ओर से कोई कार्रवाई नहीं बनती है- डॉ. भारती भागड़ा, प्राचार्य, संजौली कॉलेज