रामपुर बुशहर। श्री सत्यनारायण कपूरिया मंदिर न्यास रामपुर ने रामपुर और अन्य आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए खनेरी अस्पताल में एंबुलेंस की कमी को देखते हुए रोगी वाहन की सुविधा दी। विहिप हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर सुबह करीब साढ़े दस बजे सत्यनारायण मंदिर के मुख्य द्वार से एंबुलेंस को न्यास के पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एंबुलेंस की देखरेख न्यास करेगा।
श्री सत्यनारायण कपूरिया मंदिर न्यास के महासचिव विनय शर्मा ने बताया कि चार जिलों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने वाले खनेरी अस्पताल में एंबुलेंस की कमी को देखते हुए रामपुर क्षेत्र के दानी सज्जनों के सहयोग से न्यास ने एंबुलेंस सुविधा शुरू की गई है।
एंबुलेंस की सुविधा के लिए लोग हेल्पलाइन नंबर 9816600108 पर संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर श्रीठाकुर सत्यनारायण कपूरिया मंदिर न्यास रामपुर के सदस्य उमादत्त भारद्वाज, मदन भारती, रोशन चौधरी, राजेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, मोहन मेहता, विष्णु शर्मा और विनय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।