रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा और लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर के बीच बुधवार को एमओयू हुआ। इस एमओयू का उद्देश्य दोनों महाविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग, सामुदायिक सहभागिता, संसाधन सांझा करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। समझौते के अनुसार दोनों संस्थान मिलकर विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए कार्यशालाएं, व्याख्यान, कॅरिअर परामर्श सत्र, फैकल्टी और छात्र विनिमय कार्यक्रम आयोजित करेंगे। साथ ही लैबोरेटरी, पुस्तकालय और आईसीटी संसाधनों का साझा उपयोग, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहयोग भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन करेंगे। सीमा काॅलेज की प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने कहा कि यह एमओयू दोनों महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसर लेकर आएगा। सरस्वतीनगर काॅलेज की प्राचार्य डॉ. पूनम मेहता ने कहा कि इस तरह के समझौते उच्च शिक्षा में पारस्परिक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देते हैं।