रामपुर बुशहर। मंगलवार को रामपुर कॉलेज के प्राध्यापकों ने गेट मीटिंग कर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने इस दौरान प्रदेश सरकार से जल्द सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग उठाई। दोपहर 12:30 से लेकर 1:30 बजे तक आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए इकाई अध्यक्ष कैप्टन संदीप ठाकुर ने कहा कि सरकार ने पौने दो लाख कर्मचारियों को नए वेतनमान का लाभ दे दिया है लेकिन प्रदेश विश्व विद्यालय और महाविद्यालयों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। सरकार की नाकामी के चलते आज शिक्षक आंदोलन करने को मजबूर है।
शिक्षकों के आंदोलन से हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसका असर सीधा उनके भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी न होने तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। पीजी कॉलेज के शिक्षकों ने प्रदेश सरकार से सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने, एमफिल, पीएचडी की इंक्रीमेंट को तुरंत बहाल करने और शिक्षकों की अनुबंध अवधि को सेवाकाल में जोड़ने की मांग उठाई है। इस मौके पर इकाई सचिव शिवाली ठाकुर, डॉ. राजन नेगी, महेश्वर ठाकुर, प्रवीण भाटिया, अनुराधा, प्रियंका, नमनीत, एचसी नेगी, जय सिंह और गोपी चंद नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।