कराली, सनेई और नोगीधार की जाइयों ने मंदिर में नवाया शीश, सुख-समृद्धि की कामना
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। परशुराम की चार ठहरियों में शुमार डमयापुरी नाम से प्रख्यात मंदिर परिसर डंसा में कराली, सनेई और नोगीधार की जाइयों ने देवता साहिब दमुख के मंदिर में पहुंचकर दान स्वरूप राशि एकत्रित कर तीन लाख रुपये भेंट किए। महिलाओं ने मंदिर के निर्माण कार्य के प्रति गहरी आस्था जताई और सुख-समृद्धि की कामना की। कराली गांव की जाइयों ने करीब 1,78,722 रुपये की नकद राशि भेंट की। इसके अलावा नोगीधार की महिलाओं ने 37,400 रुपये और सनेई की जाइयों ने 96,600 रुपये की नकद राशि भेंट की। करीब तीन लाख की नकदी मंदिर समिति के पदाधिकारियों को सौंपी। इस मुहिम को सिरे चढ़ाने वाली जाइयों में उर्मिला कायथ, शांता चौहान, कमला, शकुंतला, कांता ठाकुर, ज्ञान दासी, कृष्णा ठाकुर, बिमला गुप्ता, मीना ठाकुर, काकी, शांता चौहान, कौशल्या नेगी, सुनीता और कमला समेत सैकड़ों महिलाओं ने उपस्थिति दर्ज की। वहीं, परशुराम मंदिर समिति पदाधिकारियों और सदस्यों ने देवता साहिब की अगुवाई में समस्त जाइयों का इस पुनीत कार्य के लिए आभार जताया और महिलाओं के परिवारों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की है।