डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की डंसा पंचायत में ऐतिहासिक भादो मेला धूमधाम से मनाया गया। रविवार को देव विदाई के साथ मेले का समापन हुआ। मेले में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
परशुराम मंदिर समिति डंसा की ओर से मंदिर परिसर में प्राचीन भादो मेले का आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय देवता दमुख और शनेरी से पहुंची देवी का मिलन आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर समिति अध्यक्ष खेलचंद नेगी ने कहा कि देवी की विदाई के साथ मेेले का विधिवत समापन हुआ। देव परंपरा के अनुसार भादो मेला परशुराम मंदिर परिसर में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। रविवार को देवी के दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए दूर-दूर से सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने शुरू हो गए थे। दिनभर देवी-देवता का आशीर्वाद पाने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं मेले में देवलुओं और ग्रामीणों ने ढोल-नगाढ़ों की थाप पर नाटी डाली। इस मौके पर प्यारे लाल, नरेंद्र सिंह, फूला सिंह, लायक राम, चैन राम, अमर सिंह, भूप सिंह, बहादुर सिंह, यशपाल, धर्म सिंह, थांहु देवी, निशा, गीता देवी, रूपा, कमला और शकुंतला सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।