संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टयाली ठियोग में अलंकरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नई छात्र संसद का गठन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों और सभी कक्षाओं के प्रतिनिधियों को प्रधानाचार्य तेजिंदर कौर ने बैज लगाकर, आवरण पट्टिका पहनाकर अलंकृत किया। इस अवसर पर विद्यालय के हेड बॉय आर्यन और हेड गर्ल आकांक्षा को चुना गया, वहीं स्पोट्र्स कैप्टन सचिन और स्पोट्र्स वाइस कैप्टन गायत्री को बनाया गया। विद्यालय के चारों सदनों के अंतर्गत लक्ष्मी सदन के हाउस कैप्टन हर्षित, वाइस कैप्टन प्रेरणा, टैगोर हाउस के कैप्टन निशांत, वाइस कैप्टन पूजा, सुभाष सदन की कैप्टन शीतल, वाइस कैप्टन गौरव, गांधी सदन की कैप्टन प्रियंका और वाइस कैप्टन आदित्य को भी आवरण पट्टिाका लगाकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कक्षा एक से कक्षा 12वीं तक के सभी कक्षा प्रतिनिधियों को बैच नाम पट्टिका लगाकर सम्मानित किया गया। हेड बॉय आर्यन और हेड गर्ल आकांक्षा ने सभी विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्रधानाचार्य तेजिंदर कौर ने नव निर्वाचित सभी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में सभी बच्चों का कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ विद्यालय हित में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांधा। वरिष्ठ अध्यापक रामकृष्ण वर्मा ने कार्यक्रम के अंत में बच्चों का उत्साहवर्धन किया।