इंपैक्ट :: लोगों ने ली राहत की सांस, खबर छपने के बाद हरकत में आया विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर कुल्लू)। लूहरी-दलाश और लूहरी-नित्थर सड़क पर गिरा मलबा बुधवार को हटा दिया गया। लूहरी से आठ किलोमीटर दूर बैहरी के पास झरल में बरसात के दौरान चट्टानें और भारी मलबा गिर गया था, जिसे अब हटा दिया है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों की समस्या को देखते हुए अखबार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया। लूहरी-दलाश और लूहरी-निथर सड़क पर यह जगह मलबा गिरने के कारण खतरनाक बनी हुई थी। बरसात के समय सड़क को अस्थायी रूप से बहाल किया गया था, लेकिन मलबा और चट्टानें हटाने का कार्य नहीं किया गया था। यहां सड़क के साथ पानी की नहर गुजरती है, जहां अक्सर लोग वाहनों की धुलाई भी करते हैं। इस कारण उसका पानी भी सड़क में ही बहता है। वहीं, खराब हालात के कारण सड़क कीचड़ से भरी हुई थी और काफी तंग हो गई थी। ऐसे में बसों और बड़े वाहनों को बेहद जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा था। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु कटोच ने कहा कि सड़क से मलबा हटा दिया गया है। अब समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

लुहरी-दलाश, लुहरी-नित्थर सडक़ से हटा मलबा। संवाद