आनी (कुल्लू)। धर्मशाला में हो रहे राज्यस्तरीय दिव्यांग पैरा एथलीट प्रतियोगिता में जिला कुल्लू उपमंडल आनी की ग्राम पंचायत च्वाई के कांडा खमारला के आशीष वर्मा ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक और 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर राज्यभर में माता-पिता और आनी क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
बताते चलें कि धर्मशाला में हुई इस राज्यस्तरीय दिव्यांग प्रतियोगिता में आशीष वर्मा के साथ पांच और प्रतिभागियों ने जिला कुल्लू का प्रतिनिधित्व किया। इसमें आनी खंड के ही कुंगश से सचिन ने डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक, बंजार खंड की अमीषा ने सौ मीटर दौड़ में रजत पदक और कुल्लू की सोनिया ठाकुर और ज्योति ठाकुर ने सौ मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किए।
आशीष वर्मा ने इस प्रतियोगिता में स्वर्ण और कांस्य पदक जीता है। अब आशीष राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनके पिता गांगेराम वर्मा बागबान हैं और माता कांता देवी गृहिणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर दोनों बेहद खुश हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों में भी अच्छा खासा उत्साह है। क्षेत्र के ग्रामीण अशोक वर्मा, नीरज वर्मा और संतोष वर्मा ने बताया कि आशीष बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के हैं और दिव्यांग होने के बावजूद भी एक अच्छे खिलाड़ी हैं।