ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। अंडर-14 छात्र-छात्रा वर्ग की ननखड़ी खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मझोली टिप्पर के खेल मैदान में हुई। तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में ननखड़ी खंड के 24 स्कूलों के 445 छात्र-छात्रा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए। समापन समारोह में स्थानीय विधायक नंदलाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। स्कूल प्रबंधन समिति और खिलाड़ियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानाचार्य प्रेम सिंह जम्वाल ने मुख्यातिथि को टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में खमाडी स्कूल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। जबकि, मार्चपास्ट में हाई स्कूल लैलण और मझोली टिप्पर संयुक्त विजेता बने। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम में मझोली टिप्पर स्कूल प्रथम रहा। वॉलीबाल के छात्र वर्ग में ननखड़ी स्कूल प्रथम, छात्रा वर्ग में अड्डू प्रथम, कबड्डी के छात्र वर्ग में टीएचएस ननखड़ी और खमाड़ी संयुक्त विजेता रहे। छात्रा वर्ग में खमाडी प्रथम और बगलती स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के अंत में मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विधायक नंदलाल ने अपनी ऐच्छिक निधि से स्कूल के खेल मैदान और स्टेज निर्माण के लिए दो लाख रुपये की राशि देने की घोषण की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता अनिरुद्ध विष्ट सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर जसवीर ठाकुर, विजय कनैन, सीमा कांत, तसतीर ठाकुर, कमलेश कनैन, जगत भंडारी, खेल प्रभारी सुभाष चौहान के अलावा खिलाड़ी और अन्य लोग उपस्थित रहे।