रामपुर बुशहर। रामपुर उममंडल के 15/20 क्षेत्र में सड़कों की दशा दयनीय बनी हुई है। हालत यह है कि खस्ताहाल सड़कों पर रोजाना हजारों ग्रामीण खतरे के साये में सफर करने को मजबूर हैं। वहीं वैली में बसों की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से स्कूली बच्चों और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर 15/20 एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन और हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधक से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई एसोसिएशन के अध्यक्ष और कूट पंचायत के प्रधान रतन डोगरा ने की और क्षेत्र की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि 15/20 क्षेत्र की गानवी क्याव, लबाना-सदाना, कूट, फांचा और जघोरी आदि सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है।
वर्षों से सड़कों की खस्ताहालत के कारण खासकर मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान-बागवानों को भी नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में परेशानियां आती हैं। एसोसिएशन ने कहा कि विभागों ने उनकी समस्याओं को जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर उपाध्यक्ष सुशीला खन्ना, महासचिव किशोरी लाल, सचिव ललित, सह सचिव उषा देवी और कोषाध्यक्ष राजकुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।