धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मढ़ी में अटल आदर्श विद्यालय भवन को हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से निजी हाथों में सौंपने का माकपा ने विरोध किया है। वहीं, इसके विरोध में गांव-गांव जाकर अभियान छेड़ने की बात कही है। माकपा नेताओं भूपेंद्र सिंह, सुरेश शर्मा, सुरेश राठौर, सुरेश शननी, रणताज राणा, अनिल कटवाल आदि ने इस मसले पर प्रदेश सरकार की कड़ी आलोचना की है और इस फैसले को बदलने की मांग की है। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग ने 24 जुलाई को शिमला में दो सौ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्कूल भवन को नीलाम करने के लिए शिमला में इसे खरीदने वालों की बैठक बुलाई है। इसकी अधिसूचना राज्यपाल के माध्यम से जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मढ़ी में स्थानीय बच्चों के लिए सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का निर्माण किया गया था। उसके भवन और विद्यार्थियों को पिछली भाजपा सरकार के समय में ही वहां से बेदखल कर दिया गया था। उन्हें किराये के मकानों में पढ़ाया जा रहा है। कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार और विधायक ने तो उससे और अधिक जन और छात्र विरोधी फैसला ले लिया। अब करोड़ों की लागत से बने इस आवासीय स्कूल भवन को बेचने का निर्णय लिया है जो यहां के स्थानीय गरीब परिवारों से संबंध रखने वाले बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। माकपा ने निर्णय लिया है कि इस स्कूल को निजी क्षेत्र में देने के सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी। बताया कि जिस दिन 24 जुलाई को शिमला में इसे नीलाम करने के लिए कवायद शुरू करने का सरकार का प्रस्ताव है, उसी दिन मढ़ी में इस स्कूल को बचाने के लिए प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें स्थानीय ग्राम पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों सहित अन्य संस्थाओं को भी एकजुट करके विरोध करने का आग्रह किया जाएगा।