बरोट (मंडी)। द्रंग विस क्षेत्र के विधायक पूर्णचंद ठाकुर ने रविवार को बरोट दौरे में पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में द्रंग क्षेत्र के विकास कार्य रुके पड़े हैं। सरकार द्रंग क्षेत्र से सौतेला व्यवहार कर रही है। विधायक ने कहा कि सीएचसी बरोट एक मात्र दंत चिकित्सक के सहारे चल रहा है। बिजली बोर्ड उप मंडल बरोट में कर्मचारियों का अभाव है।
पूरे क्षेत्र को संभालने के लिए मात्र 10 कर्मचारी तैनात हैं। क्षेत्र की 12 पंचायतों में सभी विकास कार्य ठप पड़े हैं। चौहारघाटी को जोड़ने वाली बोचिंग लच्छयाण-मढ़, दलोसा-कलोह्ग-कव सड़कों की आज तक डीपीआर नहीं बन पाई है। हालांकि उन्होंने स्वयं इन्हें विधायक प्राथमिकता में डाला है। वहीं भू-भू जोत टनल केंद्र के सहयोग से जल्द तैयार की जाएगी।
टनल के बनने से कुल्लू जिले की दूरी 70 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। चौहारघाटी के शिक्षण संस्थानों में अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं। इसके चलते विद्यार्थी दूरदराज के स्कूलों में पलायन करने को मजबूर हैं। इस मौके पर द्रंग भाजपा अध्यक्ष इंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य शारदा, शीला देवी, जय सिंह, काहन सिंह, संत राम, प्रकाश चंद, चांद राम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।संवाद