मंडी। कला एवं सांस्कृतिक युवा मंच घासणु बल्ह की दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हो गई। समापन अवसर पर पूर्व बीडीसी सदस्य रणजीत सिंह बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
युवा मंच के प्रधान अनमोल वालिया ने बताया कि प्रतियोगिता में 16 टीमों ने भाग लिया। सोमवार को फाइनल मुकाबले में नागचला ने भडयाल टीम को हरा कर विजेता का खिताब हासिल किया। सोमवार को पहला सेमीफाइनल भडयाल और बैहना के बीच हुआ। भडयाल ने दूसरे सेट में बैहना को 2-1 से पराजित कर जीत हासिल की। दूसरा सेमी फाइनल नागचला और सिक्स ब्रदर्स के बीच खेला गया। नागचला ने सिक्स ब्रदर्स को दूसरे सेट में 3-0 से पराजित किया।
फाइनल में नागचला ने भडयाल को दूसरे सेट में 3-0 से हरा कर जीत हासिल की। विजेता टीम को 8 हजार नगद और ट्रॉफी भेंट की। उप विजेता को 5 हजार और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर नगर निगम बैहना के पार्षद कृष्ण भानू, ग्राम पंचायत भडयाल के उप प्रधान हेमराज, चंडयाल पंचायत प्रधान विजय कुमार, तिलक राज, डिंपल सैणी, जीवन कुमार, मोहन लाल, श्रवण कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।