सुंदरनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग का खिताब मंडी जिले की टीम ने जीत लिया। रविवार को दो दिवसीय 20वीं राज्य स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष खो-खो प्रतियोगिता बीएसएल सीनियर सेकेंडरी बीबीएमबी स्कूल सुंदरनगर में हुई। समापन समारोह में एससी एसटी कल्याण निगम के उपाध्यक्ष लाल सिंह कौशल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को ट्राॅफी भेंटकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के महिला एवं पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला मंडी और हमीरपुर जिला की टीमों के मध्य खेला गया। इसमें मंडी की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्राॅफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंडी जिले के खिलाड़ी हंसराज और आरुषि को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 9 महिला एवं 10 पुरुष तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस की महिला एवं पुरुष टीमों के लगभग 300 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर व महासचिव एलआर वर्मा ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के सदस्य प्रेम ठाकुर, मंडी जिला के महासचिव लक्ष्मी दत्त सहित अनेक लोग मौजूद रहे। संवाद