Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Mandi News ›   jairam thakur attacks rahul gandhi mandi youth dialogue no your vote

हिमाचल: नेता विपक्ष जयराम ठाकुर बोले- राहुल गांधी अराजकता के दम पर लोकतंत्र पर भीड़तंत्र हावी करना चाहते हैं

Tue, 03 Nov 2026 02:38 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Tue, 03 Nov 2026 02:38 PM IST
सार

मंडी की सरदार पटेल यूनिवर्सिटी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अराजकता के जरिए सत्ता परिवर्तन करना चाहता है।

विज्ञापन
jairam thakur attacks rahul gandhi mandi youth dialogue no your vote
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे देश में अराजकता फैलाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भीड़तंत्र को हावी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची में गलत नाम जुड़ने से रोकना और सही नामों को कटने से बचाना है। देश का जेन-जी स्पष्ट संदेश दे रहा है कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे और वर्ष 2029 में फिर सत्ता में आएंगे।

विज्ञापन


जयराम ठाकुर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद ‘नो योर वोट’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी समझ चुके हैं कि देश उन्हें स्वीकार नहीं कर रहा है, इसलिए वे लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने के बजाय अराजकता के सहारे सत्ता परिवर्तन का रास्ता तलाश रहे हैं।
विज्ञापन


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गांधी परिवार में जन्म लेने के कारण राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद को अपना अधिकार समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन भीड़तंत्र के सहारे लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं। जयराम ठाकुर ने बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और सीरिया का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में ऐसी स्थिति पैदा करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। उनके अनुसार, देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


युवाओं को एसआईआर के बारे में जागरूक करने की अपील
जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं का जोश, राष्ट्रभक्ति और देश के लिए कुछ करने का जज्बा उत्साह बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की अहम भूमिका है। इसके लिए देश को सशक्त, शांतिप्रिय, अराजकतामुक्त और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग वोट चोरी के नाम पर लोगों को बरगलाकर अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे गलत तथ्यों और राजनीतिक दुष्प्रचार से लोगों को बचाएं। उन्होंने ‘नो योर वोट’ जैसे कार्यक्रमों को मतदाता जागरूकता के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

नेता प्रतिपक्ष ने अपने पहले चुनाव का अनुभव साझा करते हुए बताया कि मतदाता सूची में नाम की गड़बड़ी के कारण उन्हें नामांकन पत्र में अपना नाम गलत लिखना पड़ा था। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम सही तरीके से दर्ज होना जरूरी है।

उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित रैली का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां पहुंचे कई लोगों को एसआईआर की जानकारी नहीं थी और उन्हें गलत तथ्य बताकर बरगलाया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं को ऐसे मामलों में लोगों को सही जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और अटक से कटक तक देश का युवा लोकतंत्र के साथ खड़ा है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन का दुष्प्रचार सफल नहीं होगा और वर्ष 2029 में भी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।

Trending Videos

निशुल्क जांच सुविधा बंद होने पर सुक्खू सरकार को घेरा
कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के अस्पतालों में निशुल्क जांच सुविधा बंद होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते दिन से निशुल्क जांच करने वाली लैब काम नहीं कर रही हैं। इसके कारण मरीजों को जांच के लिए निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जांच के बिना मरीजों का सही इलाज कैसे संभव होगा।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सत्ता संभालने के बाद प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने हिमकेयर योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले निशुल्क इलाज की सुविधा प्रभावित हुई और अब निशुल्क जांच सेवा भी बंद हो गई है। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रदेश के अस्पतालों में निशुल्क जांच सुविधा तत्काल बहाल की जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानी न उठानी पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed