हिमाचल: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- पर्यटन पर 15,000 करोड़ रुपये निवेश की योजना, हवाई सेवाओं का होगा विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में 15,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हवाई सेवाओं के विस्तार, लग्जरी पर्यटन और वेलनेस सुविधाओं को बढ़ावा देने की बात कही।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में 15,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना है। सरकार का लक्ष्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि हाई-एंड पर्यटन को विकसित कर अधिक खर्च करने वाले पर्यटकों को आकर्षित करना भी है। इसके लिए हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ लग्जरी आवास, गोल्फ पर्यटन, वेलनेस सुविधाओं और विशेष अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स में कोटी गोल्फ कप-2026 के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। पर्यटकों के ठहरने की अवधि बढ़ने से स्थानीय पर्यटन कारोबार, रोजगार और आय को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन अधोसंरचना के विकास के साथ हवाई संपर्क बेहतर करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। हाई-एंड पर्यटन के तहत पर्यटकों को बेहतर आवास, आरामदायक परिवहन और खास अनुभव उपलब्ध करवाने पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें लग्जरी होटल और रिसॉर्ट, वेलनेस व स्पा सुविधाएं, गोल्फ, निजी गाइड के साथ पर्यटन और प्रकृति व स्थानीय संस्कृति से जुड़े अनुभव शामिल होंगे।
हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार पर भूमि अधिग्रहण के लिए 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। विस्तार के बाद बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। सरकार सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स लीज पर दी गई हैं, जिससे राज्य को 22 करोड़ रुपये की आय हुई है। मुख्यमंत्री ने नालदेहरा गोल्फ कोर्स को प्रदेश के सबसे मनोरम गोल्फ स्थलों में से एक बताया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं और इसे पर्यटकों के लिए भी खोला गया है। सरकार ने इसके विकास के लिए 1.82 करोड़ उपलब्ध करवाए हैं।
24 और 25 अक्तूबर को आयोजित कोटी गोल्फ कप में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन कोटी और नालदेहरा गोल्फ सोसायटी के कप्तान अनिल वालिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सुक्खू 26 और 27 अक्तूबर को कुल्लू और हमीरपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कुल्लू जिले में विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर के विस्तारीकरण का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा हमीरपुर में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के शैक्षणिक खंड का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री 26 अक्तूबर को सुबह 11 बजे शिमला के ओकओवर से रवाना होंगे और कृष्णानगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से कुल्लू पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री शाम को ढालपुर के रथ मैदान में आयोजित ड्रोन शो, लेजर शो और ग्लोबल डांस कार्यक्रम में शामिल होंगे। 27 अक्तूबर को वह हमीरपुर के जोल सप्पड़ स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचेंगे। यहां वह महाविद्यालय के शैक्षणिक खंड का उद्घाटन करेंगे और विद्यार्थियों से संवाद भी करेंगे।