मंडी। देश और पूरे विश्व में पर्यावरण प्रदूषण को रोकने और क्लीन एनर्जी के लिए देश और विदेश के वैज्ञानिकों का जोर है। इसके लिए दुनिया के वैज्ञानिकों की ओर से नए-नए उपाय और तकनीकों को खोजा जा रहा है। इस विषय पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की ओर से सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विषय पर आयोजित पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न हो गया। इस दो दिवसीय सम्मेलन के समापन पद देश और विदेशों के वैज्ञानिकों ने अपने व्याख्यान दिए। इटली, पुर्तगाल, मलेशिया, जर्मनी और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रख्यात वैज्ञानिकों की ओर से आमंत्रित व्याख्यान दिए गए और सभी ने ग्रीन हाउस गैसों और कार्बन डाई ऑक्साइड के कम उत्सर्जन के उपाय सुझाए। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग के असर और नुकसानों पर कई शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस प्रकार से इस सम्मेलन में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल के शोधकर्ताओं ने जैविक, रसायन, भौतिक और कंप्यूटर विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों पर अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। समारोह के मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र भट्ट, महापौर नगर निगम मंडी थे। सम्मेलन में पूरे भारत से 170 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। सम्मेलन को अमेरिकी रसायनज्ञ समाज और रॉयल सोसायटी ऑफ केमिस्ट्री की ओर से प्रायोजित किया गया था। इस अवसर पर मेयर वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों से मंडी को विश्व मानचित्र पर स्थापित करने और स्थानीय नागरिकों को उनके व्यवसाय में मदद मिलेगी। विश्वविद्यालय की प्रति कुलपति प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और सभी प्रतिभागियों को उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे आयोजन करता रहेगा जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। उन्होंने सम्मेलन के संयोजक प्रोफेसर राजेश कुमार शर्मा, डॉ. सनील कुमार और डॉ. लखवीर सिंह को इस सम्मेलन के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। सम्मेलन के डीन रिसर्च और संयोजक डॉ. लखवीर सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और सभी प्रतिभागियों, आमंत्रित वक्ताओं, अतिथियों और आयोजन समिति का धन्यवाद दिया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए रात्रि में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। मंच संचालन डॉ. गौरव कपूर असिस्टेंट प्रोफेसर जूलॉजी ने किया। समापन समारोह में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक इंजीनियर सुनील वर्मा, आमंत्रित वक्ता, प्रतिभागी, सभी विभागाध्यक्ष, विभिन्न संकाय के डीन, गैर शिक्षण कर्मचारी और छात्र उपस्थित थे।