मंडी। जिले में सर्दियों के मौसम में भारी बर्फबारी में आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। इसी कड़ी में राहत व बचाव कर्मियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा आठ स्नो किट उपलब्ध करवाई गई है। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि मंडी जिला प्राकृतिक आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। इस क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की आपदाएं जैसे बाढ़, बर्फबारी, भूस्खलन व भूकम्प आदि की संभावनाएं बनी रहती हैं। भूकंप की दृष्टि से यह क्षेत्र जोन पांच में आता है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में जिला मंडी के उच्च क्षेत्रों जैसे शिकारी देवी, कमरूनाग आदि में भारी बर्फबारी की संभावनाएं रहती हैं और प्रशासन को राहत व बचाव कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में राहत व बचाव कार्य बेहतर ढंग से पूरा किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न प्रकार के उपकरण उपमंडल स्तर पर उपलब्ध करवाए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि भारी बर्फबारी के दौरान राहत दलों को बर्फ वाले क्षेत्रों में तुरंत जाना पड़ता है और उनकी सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा स्नो किट की व्यवस्था की गई है। इन किट में बर्फ के दौरान राहत व बचाव कार्य हेतु उपयोग में लाए जाने वाले चश्मे, स्नो सूट्स, स्नो जूते, हेलमेट, रस्सी, कंबल व टार्च इत्यादि अन्य उपकरण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की चार स्नो किट एसडीएम गोहर व चार किट एसडीएम थुनाग को आवंटित किए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग राहत व बचाव कार्यों में किया जा सके। उन्होंने पर्यटकों सहित सभी लोगों से आग्रह किया है कि मौसम विभाग की ओर से भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है और ऐसे में उच्च क्षेत्रों में जाने से बचें।