फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Mandi News ›   55 साल का  इंतजार खत्म, अब विकास को लगेंगे पंख

55 साल का  इंतजार खत्म, अब विकास को लगेंगे पंख

Mon, 25 Dec 2017 11:12 PM IST
Updated Mon, 25 Dec 2017 11:12 PM IST
विज्ञापन
55 साल का  इंतजार खत्म, अब विकास को लगेंगे पंख
- फोटो : अमर उजाला
मंडी/ जंजैहली। 55 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिर मंडी को सीएम की सरदारी से नवाजा गया है। ऐतिहासिक पलों का गवाह हर मंडयाल बनने को आतुर है तो मुख्यमंत्री ठाकुर जयराम से नए युग के आगाज के साथ जनता की उम्मीद की आस भी काफी मजबूती से बंध गई है। पर्यटन, शिक्षा, औद्योगिक विकास और भाग्य रेखाएं कही जाने वाली सड़कों को चकाचक और विकसित होने की उम्मीद लोगों को है। सिराज और मंडी में सड़कों की खस्ता हालत विकास में बाधा बनी हुई है वहीं, रोजगार, प्रशासन पर पकड़ और सूबे के मध्य जोन में पर्यटन की संभावनाओं के विकसित होने की लोगों को उम्मीद है। रिवालसर, नैणा देवी, बरोट, पराशर, शिकारी देवी, कमरूनाग, कामाक्षा देवी और तत्तापानी जैसे रमणीक स्थलों को विश्व मानचित्र में जगह नहीं मिल सकी है। लोगों ने उनके चुनाव को सही समय पर लिया गया सही निर्णय करार दिया है। लोगों का कहना है कि जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने से पूरे प्रदेश का एक समान विकास होगा। उन्हें नई सरकार से कई उम्मीदें हैं, जिनमें युवाओं में रोजगार, स्कूलों-अस्पतालों में स्टाफ की कमी पूरी होने, सड़कों की दशा सुधरने, महंगाई पर अंकुश लगने आदि शामिल हैं। मंडी शहर और सिराज क्षेत्र के कुछ लोगों से परिचर्चा के अंश:-
विज्ञापन


इन उम्मीदों पर खरा उतरने की आस
- बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाना
- मंडी में क्लस्टर विवि की स्थापना
- अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण
- सरकाघाट धर्मपुर क्षेत्र में बेहतर पेयजल योजनाएं
- ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की दशा सुधरना
- मंडी से गुजरनेे वाली लेह रेललाइन की कवायद तेज करना

नए चेहरे से विकास की उम्मीद : पाल
ऑटो चालक पाल कुमार ने कहा कि जयराम ठाकुर का मुख्यमंत्री के लिए चुनाव मंडीवासियों के लिए गर्व का विषय है। उनके मुख्यमंत्री बनने से जिले का विकास होगा। रोजगार के नए आयाम स्थापित होंगे। भाजपा ने नए चेहरे को मुख्यमंत्री के लिए चुना है। भाजपा का यह निर्णय जनता के हित में है और प्रदेश के हित में साबित हो, इसकी लोगों को उम्मीद है।
विज्ञापन


युवाओं को रोजगार की उम्मीद : हंसराज
कोटली निवासी युवा हंसराज का कहना कि मुख्यमंत्री बनने से पूरे प्रदेश में एक समान विकास होगा। युवाओं को उनसे रोजगार की उम्मीद है। मंडी के हाथ से कई दफा सीएम की कुर्सी छिन गई थी। लंबे अरसे के बाद एक युवा मुख्यमंत्री प्रदेश को मिला है। अब युवा वर्ग में रोजगार की उम्मीद बढ़ गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


गरीबों का दर्द समझेंगे सीएम : भूषण
रोहांडा के युवा भूषण गुप्ता ने कहा कि मंडी जिले से मुख्यमंत्री बनते देखना एक सपना था। अब यह सपना पूरा हुआ है। मंडी से हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाना गौरव की बात है। जयराम ठाकुर एक गरीब परिवार से निकले हैं। वह जनता के दुख दर्द को समझते हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने से प्रदेश को एक नई दिशा मिलेगी और मंडी में क्लस्टर विवि की आस पूरी होगी।

शांता जैसी प्रशासनिक पकड़ की उम्मीद : शर्मा
केसी शर्मा ने कहा कि लंबे अरसे बाद मंडी की मांग पूरी हुई है। इसका सभी मंडीवासी स्वागत करते हैं। जयराम ठाकुर का मुख्यमंत्री के लिए चुना जाना हिमाचल के विकास के लिए एक नया अध्याय है। उम्मीद है कि मंडी में अब प्रशासन पर उनकी पकड़ मजबूत होने से लोगों को फायदा मिलेगा। वह पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की तरह ही प्रशासन पर पकड़ बनाकर मंडी जिले के साथ ही पूरे प्रदेश में विकास की बयार लाएंगे।

व्यापारी वर्ग को मिलेगा लाभ : बिन्नी
मंडी के बिन्नी कुमार ने कहा कि जयराम ठाकुर के सीएम बनने से पूरे जिला में खुशी की लहर है। इससे प्रदेश के हर नागरिक को उम्मीद की नई किरण नजर आने लगी है। वह एक आम परिवार से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचे हैं तो वह आम लोगों व व्यापारी वर्ग के हितों में जरूर कार्य करेंगे, इसकी व्यापारी वर्ग को पूरी उम्मीद है।

युवाओं को रोजगार मिलने की आस : सूर्या
समखेतर मोहल्ला के सूर्या शर्मा ने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को जॉब करने के लिए बाहरी क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। नई सरकार से उम्मीद है कि युवाओं को घरद्वार पर ही रोजगार मिलेगा। अब तो सीएम भी जिले से बन गया है तो जिला मंडी के युवाओं को जॉब के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
पर्यटन का होगा विकास : कर्ण कुमार
जिल के रामनगर मोहल्ले के कर्ण कुमार ने कहा कि अब जयराम ठाकुर के सीएम बनने से जिले में पर्यटन का विकास होगा। जिला में कई क्षेत्र हैं, जहां पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं पूरे प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं लेकिन उनको मूर्त रूप देना नई सरकार पर निर्भर है।
प्रदेश का होगा चहुंमुखी विकास : रविंद्र
रविंद्र कुमार ने कहा कि नई सरकार से युवाओं को रोजगार मिलने की बहुत उम्मीद है। जयराम ठाकुर जिले में रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए भरसक प्रयास करें ताकि युवा बेरोजगार न रहें। इसके साथ ही प्रदेश का चहुंमुखी विकास नई सरकार करवाएगी यह विश्वास है।

सिराज क्षेत्र के लोगों की नए सीएम से अपेक्षाएं
सड़कों का होगा सुधार : चंद्रमणी
एचआरटीसी में बस चालक चंद्रमणी ने कहा कि हमें हिमाचल के मुख्यमंत्री और सिराज के विधायक से यह उम्मीद है कि वे सराज की खराब पड़ी सड़कों को सबसे पहले ठीक करवाएं। लंबाथाच से कुल्थनी सड़क की हालत बहुत ही खस्ता है, इस पर बस चलाना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि शीघ्र ही क्षेत्र की सभी सड़कें चकाचक होंगी।

क्षेत्र में बहेगी विकास की गंगा : कपूर सिंह
लंबाथाच पंचायत के 70 साल के सेवानिवृत्त शिक्षक कपूर सिंह ने बताया कि हमें इस बार विधायक से सीएम बनने वाले जयराम ठाकुर से कई उम्मीदें है। विश्वास है कि वह हमारी सभी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। वह सिराज की सभी मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रख क्षेत्र में विकास की गंगा बहाएंगे।

अस्पतालों में होगा पूरा स्टाफ : भाग सिंह
थुनाग निवासी व्यापारी भाग सिंह ने कहा कि हम प्रदेश के सीएम से यह आस लगाए बैठे हैं कि पिछले 5 सालों से सराज का एक भी अस्पताल ऐसा नहीं है, जहां पूरा स्टाफ हो। हमें इलाज करवाने के लिए कई किलोमीटर दूर मंडी का रुख करना पड़ता है। अब हमें घर-द्वार पर यह सुविधाएं मिलेंगी और सभी अस्पतालों में स्टाफ पूरा होगा।

मिलेगा रोजगार : विरेंद्र सिंह
सिराज के युवाओं की भी नए सीएम से कई उम्मीदें हैं। सिराज और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की आस जगी है। क्षेत्र के युवा विरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें अब रोजगार की आस जगी है। अब लगता है कि क्षेत्र के युवाओं को देश-विदेशों में नहीं भटकना पड़ेगा।

महंगाई होगी कम : रीता ठाकुर
खेलधार की रीता ठाकुर का कहना है कि हमें सिराज के विधायक और सूबे के सीएम से यही उम्मीद है कि वे जल्द से जल्द महंगाई कम करवाने के लिए काम करेंगे। क्योंकि, हमारा इस समय महंगाई की मार ने बजट बिगाड़ दिया है। गैस, सब्जियों और अनाज के दाम आसमान छू रहे हैं।


स्कूलों को मिलेगा पूरा स्टाफ : सोहन लाल
बगस्याड़ के अध्यापक सोहन भारद्वाज का कहना है कि प्रदेश के कई स्कूलों में स्टाफ की कमी चल रही है। नई सरकार शीघ्र ही इन स्कूलों में अध्यापक तैनात करेगी, इसकी हमें पूरी उम्मीद है। साथ ही अध्यापक वर्ग की सालों से चल रही समस्याओं का हल हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed