मनाली। पर्यटन नगरी में सैर के लिए पहुंच रहे पर्यटक अपनी जान को जोखिम में डालकर नदी नालों के तट पर जा रहे हैं। सेल्फी लेने और रील बनाने की यह होड़ जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन भी पर्यटकों को रोकने के लिए ठोस प्रबंध नहीं कर पाया है। वशिष्ठ चौक पर टेंपो ट्रैवलर रोके जा रहे हैं, ये पर्यटक ब्यास के तट पर मस्ती करने के लिए पहुंच रहे हैं।
ब्यास नदी की तेज धारा के बावजूद लोग रायसन, आलू ग्राउंड और वशिष्ठ चौक पर सेल्फी और रील बनाने के चक्कर में नदी के किनारे पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से विशेष अपील की है कि वे नदी से उचित दूरी बनाकर रखें। रायसन से मनाली तक जगह-जगह पर्यटकों को नदी की चट्टानों पर खड़े होकर फोटो खींचते और वीडियो बनाते देखा जा रहा है। डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। पुलिस को सख्ती बरतने के भी निर्देश दिए जाएंगे। संवाद