मनाली/कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बुधवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह से कुल्लू व लाहौल में बादल छा गए, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम भी जारी रहा। देर शाम तक मनाली के सोलंगनाला सहित आपसास के क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई।
बर्फबारी के चलते अटल टनल रोहतांग से वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई है। इससे सैलानी सोलंगनाला तक ही गए। सैलानियों ने बर्फ के गिरते फाहों के बीच मस्ती की। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों को देखकर पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मनाली के मालरोड पर भी सैलानी ठंडे मौसम का आनंद लेने के लिए निकले। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद घाटी में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पांच फरवरी तक खराब मौसम रहने की संभावना जताई है। हालांकि बारिश व बर्फबारी को लेकर घाटी के बागवानों में उत्साह है। इसे सेब की फसल के लिए बेहतर माना जा रहा है। इससे सेब के पौधों को संजीवनी मिलेगी। अब तक रोहतांग दर्रे में 30 सेंटीमीटर, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल व साउथ पोर्टल में 20 सेंटीमीटर, मढ़ी में 15 सेंटीमीटर, सोलंगनाला में 10 सेंटीमीटर, कोठी में 3 सेंटीमीटर, गुलाबा में 12 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ है। इसके साथ मनाली ऊंची चोटियों भृगू झील, दशौहर झील, मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, पतालसू पीक, मांग कोट, हनुमान टिब्बा, हामटा पास, मनाली पास, शलीण धार, पीर पंजाल और धौलाधार में ताजा हिमपात हुआ है।