सोलंगनाला। मैदानी इलाकों में जहां भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं पहाड़ों पर मौसम ने करवट ली है। रोहतांग और शिंकुला में सोमवार को बर्फ के फाहे गिरे। इसमें पर्यटकों ने खूब आनंद उठाया। पर्यटक गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। रोहतांग दर्रा और शिंकुला पास में बार-बार हो रही ताजा बर्फबारी ने मौसम को पूरी तरह से खुशनुमा बना दिया है। मई महीने में भी पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी को देखकर सैलानियों के चेहरे खिल उठे और पर्यटक बर्फ के बीच जमकर मस्ती करते नजर आए।
बड़ी संख्या में सैलानी मनाली और लाहौल की ओर पहुंच रहे हैं। पर्यटक यहां बर्फबारी का आनंद लेने के साथ फोटो और वीडियो बनाते दिखाई दिए। स्थानीय पर्यटन कारोबारी रवि, तेज राम, चुन्नी लाल, लुदर चंद का कहना है कि मई में हुई इस बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को भी अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है। संवाद