कुल्लू। दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी में कुल्लू के रॉयल सेब की धूम मची हुई है। रॉयल सेब की 20 किलो की पेटी आजादपुर मंडी में 1300 रुपये में बिकी है। हालांकि सब्जी मंडी में अभी तक मीडियम और स्माल ग्रेड का सेब ही आया है।
बरसात के चलते अब सेब में रंग आ गया है। ऐसे में बागवानों ने सेब का तुड़ान तेज कर दिया है। शुरूआती सीजन में सेब की पेटी अच्छेे दाम में बिकने से घाटी के बागवान गदगद हैं। गौर रहे कि जिला कुल्लू में अगस्त के पहले सप्ताह में फल मंडियों में आने वाले सेब में 50 फीसदी तक इजाफा हुआ है। हालांकि सेब का साइज अभी नहीं बना है। मार्केट अच्छी रहने से बागवान सेब को मंडियों में पहुंचाने में देरी नहीं कर रहे हैं। दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी में मीडियम फुल ग्रेड 1300 रुपये प्रति पेटी, मीडियम अंडर साइज 1200 रुपये तक बिक रहा है। स्माल ग्रेड की पेटी 1000 रुपये तक बिक रही है। दिल्ली सब्जी मंडी के आढ़तियों के मुताबिक दिल्ली आने वाले सेब में 80 फीसदी से अधिक छोटा ही सेब है। बागवान खीमी राम, धनी राम, दौलत राम, खेख राम और नरोत्तम ने कहा कि कुल्लू से सेब को लकड़ी की पेटी में पैक कर दिल्ली भेजा जा रहा है। दिल्ली के आढ़तियों के साथ बागवान लगातार संपर्क में है। आने वाले दिनों में मार्केट में उछाल आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पिछले साल शुरूआती दौर में 1100 से 1200 रुपये प्रति पेटी तक दाम मिले थे। उधर, इस संबंध में आजादपुर सब्जी मंडी में एसडीटी फ्रूट कंपनी के जिला प्रतिनिधि नरेश राणा ने कहा कि सेब की 20 किलो की पेटी 1300 रुपये तक बिकी है। अच्छी गुणवत्ता के सेब की मंडियों में काफी मांग रहती है।