कुल्लू। रामशिला-भेखली सड़क कगति मोड़ पर भूस्खलन होने से बाधित रही। विगत वीरवार को पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिर गई थी। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और मेन पावर मौके पर पहुंची।
चट्टानें गिरने से मार्ग को बहाल करने में विभाग को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालांकि शुक्रवार देर शाम को छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल किया गया है। लेकिन सड़क दो दिनों से बड़े वाहनों के लिए बंद है। सड़क पर शुक्रवार को वाहनों की आवाजाही नहीं होने से रामशिला-भेखली मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। लोगों को पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा। गौरतलब है कि शुक्रवार को पूरा दिन वाहनों की आवाजाही न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। ग्रामीण राज कुमार, भगत राम, बालमुकुंद, डाबे राम, सोहन लाल, जीत राम, अमर ने कहा कि पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरा है। यातायात पूरी तरह से ठप रहने से लोगों को पैदल ही सफर करना पड़ा है। उधर, इस संबंध में लोनिवि मनाली मंडल के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने कहा कि शुक्रवार शाम को छोटे वाहनों के लिए सड़क को बहाल किया गया है। कहा कि शनिवार सुबह तक सड़क पूरी तरह से यातायात के लिए बहाल कर दी जाएगी।