लोनिवि ने ठेकेदार से छीना सड़क का काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान न रखना लोक निर्माण विभाग के एक ठेकेदार पर भारी पड़ गया है। विभाग ने अपने इस लापरवाह ठेकेदार से काम वापस ले लिया है। कुल्लू-जोगिंद्रनगर की दूरियों को पाटने वाली शिल्लवधाणी सड़क का कार्य कर रहे ठेकेदार को लोनिवि ने काम से हटा दिया है। विभाग अब ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है। उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण विभाग ने उक्त ठेकेदार को शिल्लवधाणी सड़क का विस्तार करने का कार्य दे रखा था, लेकिन ठेकेदार ने सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता में कोताही बरती। हालत यह थी कि जो डंगे ठेकेदार ने लगाए गए थे, उनमें से अस्सी फीसदी गिर चुके हैं। जबकि, अन्य कार्य में भी कई खामियां पाई गई हैं।
हालत यह है कि डंगों के दरकने से लोगों के मकानों को भी नुकसान पहुंच रहा है। कई लोगों के घरों को दरारें भी आ चुकी हैं। गत माह घाटी के दौरे पर आए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी उक्त ठेकेदार और विभाग को कड़ी फटकार लगाई थी। लेकिन, इसके बावजूद कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद सीएम के आदेश के चलते लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उससे काम छीन लिया है।
इधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता चमन ठाकुर ने बताया कि विभाग ने कार्रवाई करते हुए उक्त ठेकेदार से काम छीन लिया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब इस कार्य के नए सिरे से टेंडर होंगे।