कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मेडिकल बोर्ड फिर शुरू हो गया है। इसके चलते अब पात्र व्यक्तियों को विकलांगता प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। तीन माह से अधिक का समय बीत जाने के उपरांत मेडिकल बोर्ड शुरू होने से लोगों सुविधा मिलेगी।
अस्पताल में शनिवार को सुबह से विकलांगता प्रमाणपत्र बनाने के लिए लोग पहुंच गए। दोपहर एक बजे तक लोगों से आवश्यक प्रमाणपत्र ही लिए गए। मेडिकल बोर्ड दोपहर दो बजे के बाद शुरू हुआ। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लगभग 120 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। कोरोना की दूसरी लहर के बीच 27 मार्च से 24 जुलाई तक पात्र लोगों के प्रमाणपत्र नहीं बन पाए हैं। इससे उनको सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका। अब पूर्व की भांति हर माह के पहले तथा अंतिम शनिवार को नियमित रूप से प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे। रवि, ज्ञान प्रकाश, भागचंद, सुमित, प्यारे लाले ने कहा कि मेडिकल बोर्ड के आरंभ होने से लोगों को सुविधा मिलेगी। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के बीच लोग संक्रमित न हो, इसके लिए मेडिकल बोर्ड को बंद किया गया था। संक्रमण का खतरा कम होने पर दोबारा मेडिकल बोर्ड शुरू किया गया है।