कुल्लू। मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग करीब 72 घंटे बाद छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गया है। इससे बरशैण, तोष आदि क्षेत्रों में फंसे पर्यटकों के वाहन अब मणिकर्ण की ओर निकलने शुरू हो गए हैं। मंगलवार दोपहर बाद करीब 2:30 बजे इस मार्ग पर घटीगढ़ के पास भारी मात्रा में भूस्खलन होने के कारण मार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए बंद पड़ गया था। वीरवार दोपहर बाद कड़ी मशक्कत से मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। इससे अब क्षेत्र के लोगों को काफी हद तक राहत मिल गई है लेकिन मौके पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरना जारी है। इससे सफर अभी भी जानलेवा बना हुआ है। वाहन चालक भी यहां से वाहनों को जान जोखिम में डालकर निकाल रहे हैं।
पूर्व जिला परिषद सदस्य रेखा गुलेरिया का कहना है कि भले ही मार्ग खुलने से पर्यटकों के साथ बरशैणी क्षेत्र के लोगों को राहत मिल गई हो लेकिन खतरा अभी बना हुआ है। जब तक घटीगढ़ में हो रहे भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक बार-बार समस्या पैदा होती रहेगी। ऐसे में सरकार, प्रशासन और विभाग को इसके स्थायी समाधान के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्होंने विभाग और प्रशासन को सुझाव दिया है कि यहां बैली ब्रिज लगाकर इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।