कुल्लू। ढालपुर में देवी-देवताओं का महाकुंभ अब समाप्ति की ओर है। दशहरा के मौके पर छठे दिन बुधवार को मौहल्ला उत्सव होगा। मौहल्ला में भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर में देवता हाजिरी भरेंगे। इसके बाद राजा की चानणी के पास भी जाएंगे। दशहरा में आए हुए सभी देवता बुधवार को अपने शिविरों से बाहर निकलेेंगे।
दोपहर बाद ढालपुर मैदान ढोल-नगाड़ों की स्वरलहरियों से गूंज उठेगा। इस दौरान देवताओं का भव्य देवमिलन भी होगा। गौर रहे कि दशहरा में पहले दिन हुई रथयात्रा के बाद अधिकतर देवता अपने अस्थायी शिविरों में ही बैठे हुए हैं। ऐसे में देवता मौहल्ला के दिन फिर से अस्थायी शिविरों से बाहर आएंगे। दशहरा में रथयात्रा और मौहल्ला के दिन काफी चहल-पहल रहती है। देवी-देवताओं के भव्य देवमिलन के नजारे को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। वीरवार को लंका दहन के साथदशहरा का समापन होगा। ऐसे में कुल्लू में आए सभी देवता भगवान रघुनाथ को लंका पर चढ़ाई से पहले शक्तियां प्रदान करेंगे। मौहल्ला के मौके पर लोगों की ओर से पशुधन की पूजा की जाएगी। पशुधन की अखरोट, भुने हुए गेहूं, फूलमालाओं के साथ पूजा की जाएगी। इस संबंध में जिला देवी-देवता कारदार संघ के पूर्व अध्यक्ष दोत राम ठाकुर ने कहा कि मौहल्ला के दिन देवी-देवताओं का भव्य देवमिलन होगा।