कुल्लू। एनसीसी निदेशालय चंडीगढ़ के एडीजी और ग्रुप शिमला के कमांडर दो दिवसीय कुल्लू दौरे पर रहे। एडीजी मेजर जनरल जेएस संधू (अति विशिष्ट सेवा मेडल) और ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर शुक्रवार को भुंतर पहुंचे।
एडीजी मेजर जनरल जेएस संधू ने कहा कि एनसीसी एयर विंग के ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट गरुड़ वर्तमान में पटियाला में रखे गए हैं। उन्हें कुल्लू लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे एयर विंग कैडेट्स को फ्लाइंग संबंधी प्रशिक्षण कुल्लू में ही मिल सके। कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें एनसीसी हैंगर से हवाई अड्डे के रन-वे तक टैक्सी ट्रैक बनाने और जिला कुल्लू में ही एनसीसी एयर विंग के कैडेट फ्लाइंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर सके, इस पर भी चर्चा की। एनसीसी कैडेट्स को शनिवार को एकता, अनुशासन की सीख के साथ कुशल नेतृत्व और देश सेवा के लिए प्रेरित किया गया। कैडेट वारंट ऑफिसर जीवाशा ठाकुर एवं कैडेट अंडर ऑफिसर जुबेद्धा बौद्ध को एनसीसी महानिदेशक प्रशंसा प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। एक एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू के जूनियर वारंट ऑफिसर जितेंद्र यादव ने कहा कि दो दिनों में एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स को कुशल फ्लाइंग कौशल से जागरूक किया गया। इस दौरान कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा निदेशक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, मुख्य सुरक्षा अधिकारी रवि प्रकाश, एयर विंग कुल्लू के कमान अधिकारी विंग कमांडर एके तिवारी उपस्थित रहे।