बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार में साढ़े तीन करोड़ के बजट से विकास कार्य होंगे। नगर पंचायत ने आगामी वर्ष 2021-22 के लिए बजट पारित किया, जिसमें विशेषकर पार्किंग समस्या को हल करने का प्रयास किया जाएगा।
पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में पार्किंग के निर्माण पर 85 लाख का बजट खर्च होगा। 20 लाख रुपये से मेला मैदान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पुराने बस अड्डे से मेला मैदान और नगर पंचायत चौक से मिनी सचिवालय तक पेवर ब्लॉक बिछाने के लिए 40 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। नालियों, फुटपाथ, नए पार्क निर्माण, नगर पंचायत बंजार की संपत्ति की मरम्मत, नई दुकानें बनाने और नालों को चैनलाइज करने पर भी बजट खर्च किया जाएगा। नगर पंचायत बंजार अध्यक्ष आशा शर्मा ने कहा कि इस वर्ष निर्धारित किए गए कार्यों को पूरा करने का प्रयास रहेगा। शहर की निकासी नालियों पर लोहे के जाले बिछाए जा रहे हैं। इससे आम जनता व राहगीरों को ट्रैफिक समस्या के बीच फुटपाथ की सुविधा मिलेगी। पंचायत क्षेत्र में बावड़ियों की मरम्मत, पेवर ब्लॉक बिछाने, डंपिंग साइट में चारों ओर से चादर की ऊंची दीवार और सातों वार्डों में सार्वजनिक नल लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान नगर पंचायत बंजार उपाध्यक्ष प्रकाश विशिष्ट, सचिव प्रभु दयाल, पार्षद कपिल शर्मा, कुलदीप सोनी, बबीता कश्यप, उर्मिला नेगी, महेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।