कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में 19वीं ऑल इंडिया कोर्फबाल फेडरेशन प्रतियोगिता एक से तीन अक्तूबर तक चलेगी। राष्ट्रीय स्तर की इस स्पर्धा में देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। इसके लिए कई राज्यों के टीमें ढालपुर पहुंच गई हैं। हाल ही में ओलंपिक व पैरा ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद से देश में खेलों के प्रति रुझान अधिक बढ़ गया है।
ढालपुर में होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आगाज उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग शुक्रवार सुबह 11 बजे करेंगे। फेडरेशन कप में देश के आठ राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। जिसमें केरल, पुड्डुचेरी, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की टीमें शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल एसोसिएशन के महासचिव बीआर सुमन ने बताया कि पिछली बार राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता हरियाणा के पलवल में हुई थी और इसमें 26 टीमों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में शीर्ष आठ स्थानों पर रहने वाली आठ टीमें इस बार कुल्लू में आयोजित फेडरेशन कप में भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि इस फेडरेशन कप का समापन तीन अक्तूबर को होगा और इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा विजेता टीमों को सम्मानित करेंगे। सुमन ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों की टीमों के 250 खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश से दो टीमें होस्ट के रूप में भाग लेंगी, जिसके चलते प्रतियोगिता में टीमों की संख्या नौ होगी। वहीं ढालपुर मैदान में प्रतियोगिता के लिए सभी तरह की तैयारियां पूरी कर दी हैं।