नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन ने राजकीय महाविद्यालय बड़ोह में रिक्त पदों के मुद्दे पर बड़ोह कॉलेज से तहसीलदार कार्यालय तक रैली निकालकर खाली पदों को शीघ्र भरने के लिए मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री व विधायक को तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन भेजा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत डोगरा ने बताया कि इससे पूर्व एसोसिएशन ने कॉलेज में छात्रों के साथ बैठक की और अध्यापकों की कमी के कारण उन्हें पेश आ रहीं दिक्कतों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में मांग की गई कि कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस, फिजिक्स व इकोनॉमिक्स के शिक्षकों व गैर शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरा जाए। स्थायी नियुक्तियां होने तक डेपुटेशन पर नियुक्ति की जाए, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर कोई असर न पड़े।
कॉलेज समय पर एचआरटीसी की बसों को शुरू किया जाए, ताकि बच्चे समय पर कॉलेज पहुंच पाए। ज्ञापन में बच्चों को बस पास सुविधा उपलब्ध करवाए जाने की मांग भी की गई है। ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिशन ने चेतावनी दी कि एक महीने में इन मांगों को पूरा न किया तो संघर्ष का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।