Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बोले- कांग्रेस की सभी गारंटियां गोल, अब सरकार होने वाली है गायब
सराज विधानसभा क्षेत्र के थाची में आयोजित जनसभा में संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
विस्तार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में पहली बार ‘चले संस्थान खोजो और उन्हें बंद कर दो’ का लक्ष्य लेकर चलने वाली सरकार आई है। कांग्रेस सरकार की सभी गारंटियां तो गोल हो गई हैं, अब सरकार ही गायब होने वाली है।
सराज विधानसभा क्षेत्र के थाची में आयोजित जनसभा में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में जहां भी जाते हैं वहां पर सरकार की नाकामियों की कहानियां देखने को मिल जाती हैं। यह सरकार स्कूल और अस्पताल भी बंद करने में खुशी महसूस करती है। नौकरियां देने के नाम पर सत्ता में आई सरकार नौकरियां छीनने में गर्व महसूस कर रही है।
मुख्यमंत्री कहते हैं कि पूर्व सरकार ने प्रदेश के संसाधनों की रेवड़ियां बांट दीं। आयुष्मान, सहारा शगुन, उज्ज्वला, कन्यादान, बेटी है अनमोल, स्वावलंबन, जनमंच, सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं चलाईं। इसे सरकार रेवड़ी कहती है। लोगों का जीवन बचाना, इलाज के साधन उपलब्ध करवाना रेवड़ी बांटना नहीं कहलाता है। यह सरकार का फर्ज है। प्रदेश के लोगों के लिए योजनाएं बनाईं, सिर्फ मित्रों के लिए सरकार नहीं चलाई। व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार की प्राथमिकता जनहित के बजाय समोसा और मुर्गा की जांच कर रही है। सुक्खू सरकार प्रदेश के विकास और जनहित के संस्थानों पर लगातार ताले लगा रही है। जयराम ठाकुर बालीचौकी के अन्य क्षेत्रों में भी गए और लोगों से मुलाकात की। इसी दौरान वह ग्राम गुराण भी गए और अंजना ठाकुर के दुखद निधन पर परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने अनुबंध के कार्यकाल को घटाकर तीन साल से दो साल किया था लेकिन व्यवस्था परिवर्तन वाली समयबद्ध और चरणबद्ध सरकार ने अनुबंध काल को बढ़ाकर तीन साल कर दिया है। यह सरकार अपने चहेतों को एक्सटेंशन दे रही है लेकिन कमीशन पास करके नौकरी कर रहे युवाओं को रेगुलर नहीं कर रही है।