हिमाचल माैसम: 99 सड़कों पर आवाजाही ठप, शिमला में झमाझम बरसे बादल, जानें 31 अगस्त तक का पूर्वानुमान
राजधानी शिमला, धर्मशाला और ऊना सहित कई क्षेत्रों में मंगलवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी जारी रही। बारिश से तापमान में गिरावट आने के साथ मौसम सुहावना हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में भूस्खलन और बारिश के कारण 99 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। इसके अलावा सात बिजली ट्रांसफार्मर और छह पेयजल योजनाएं भी प्रभावित रहीं। राजधानी शिमला, धर्मशाला और ऊना सहित कई क्षेत्रों में मंगलवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी जारी रही। बारिश से तापमान में गिरावट आने के साथ मौसम सुहावना हो गया। हालांकि प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान का असर अभी भी बना हुआ है।
प्रदेश के कई भागों में 31 अगस्त बारिश जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई भागों में 31 अगस्त तक मौसम खराब रहने की संभावना है, हालांकि फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दोपहर बाद अचानक बादल और धुंध छा गई, जिसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। शाम के समय भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। ऊना में सुबह से आसमान साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज बारिश होने से गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। हमीरपुर, चंबा, सोलन, सिरमौर सहित अन्य जिलों में दिनभर मौसम सामान्य बना रहा। कुल्लू जिले में लगातार दूसरे दिन मौसम साफ रहने से जनजीवन सामान्य होने लगा है। मंडी जिले में दिन के समय हल्की बारिश दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान
ऊना 34.6
कांगड़ा 33.6
नेरी 33.6
सुंदरनगर 33.5
भुंतर 33.4
मंडी 33.4
बिलासपुर 33.0
चंबा 30.7
सोलन 30.5
धर्मशाला 30.0
नाहन 28.9
मनाली 27.2
शिमला 24.5