Shimla Snowfall: बर्फबारी से 54 रूट फेल, 28 बसें फंसी, यात्री परेशान; जैस घाटी में सवारियों से भरी बस फिसली
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार को वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध रही। शिमला लोकल की बात करें तो यहां के नौ रूट बर्फबारी के कारण फेल हुए हैं। वहीं, शिमला-हरिद्वार-नेरवा वाया चौपाल बस जैस घाटी में सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण बस फिसल गई।
विस्तार
कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर, खिड़की में बर्फबारी के कारण दोपहर तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकीं। इस वजह से एचआरटीसी शिमला लोकल और ग्रामीण के 54 रूट फेल हुए हैं। बर्फबारी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से शिमला आने वाली ज्यादातर बसें नहीं आईं। शिमला से इन रूटों के लिए भेजी गईं बसें रास्तें में फंसी रहीं। मार्ग में फिसलन के कारण कई बसें ढली में ही फंस गईं। इस वजह से यात्रियों को दिनभर बर्फबारी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम के वक्त यह सड़कें खुल गईं। लोक निर्माण विभाग से रूट क्लीयरेंस नहीं मिलने और फिसलन को देखते हुए एचआरटीसी ने कई रूटों पर बसों को शिमला नहीं भेजा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण दिनभर छोटे वाहन भी फिसलते रहे। इससे हर समय हादसे का खतरा बना हुआ था।
शिमला लोकल की बात करें तो यहां के नौ रूट बर्फबारी के कारण फेल हुए हैं। इसमें रियोग-शिमला, शिमला-खमाड़ी, पुजारली-शिमला, बाहली-शिमला, गागनघाटी-शिमला, मोगड़ा-शिमला, रुसलाह-शिमला, हिमरी-शिमला और रेगडू-शिमला रूट शामिल हैं। इसके अलावा शिमला ग्रामीण और नेरवा डिपो के 45 रूट फेल हुए हैं। यहां करीब 28 बसें बर्फबारी के कारण जगह-जगह फंसी हैं। इसमें जुब्बल के सोलंग, देवनगर, रुईलधार, खमाड़ी और श्यामनगर समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक लोकल एवं ग्रामीण अंकुर वर्मा ने बताया कि बर्फबारी के कारण नौ रूट फेल हुए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए संभव स्थानों के लिए बस सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
जैस घाटी में सवारियों से भरी बस फिसली, बड़ा हादसा टला
शिमला-हरिद्वार-नेरवा वाया चौपाल बस शिमला से सोमवार सुबह 4:30 बजे के करीब रवाना हुई। इस दौरान ठियोग के जैस घाटी में सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण बस फिसल गई।
गनीमत रही कि इस वजह से बस घूमकर पहाड़ी की ओर चली गईं जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में 22 सवारियां थीं। बस के स्किड होने के बाद सवारियों को काफी देर तक यहां परेशान होना पड़ा और इसके बाद अन्य विकल्पों से लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। क्षेत्रीय प्रबंधक तारादेवी डिपो पंकज ठाकुर ने बताया कि सड़कों पर बर्फबारी के कारण फिसलन के कारण आवाजाही में दिक्कतें आई हैं। रोड क्लीयरेंस मिलते ही लोगों की सुविधा के लिए बसों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
शिमला-लक्कड़ बाजार मार्ग पर लगा जाम
राजधानी शिमला में भी बर्फबारी के कारण सुबह के समय वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से प्रभावित होती रही। सड़कों पर फिसलन होने के कारण लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। खासकर शिमला-लक्कड़ बाजार-संजौली मार्ग पर फिसलन की वजह से वाहनों को गुजरने में दिक्कतें आईं। इस वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे मार्ग पर जाम लगा रहा।