हिमाचल: कालका-शिमला रेलमार्ग पर 30 सितंबर तक कई ट्रेनें रद्द, दो का संचालन सीमित, जानें वजह
कालका-शिमला रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रेलवे बोर्ड ने 16 से 30 सितंबर तक कई नैरोगेज ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।
विस्तार
विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रेलवे बोर्ड ने 16 से 30 सितंबर तक कई नैरोगेज ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही दो ट्रेनों का संचालन भी सीमित किया गया है। यह बदलाव ब्रिज नंबर 57 के पास ट्रैक के आसपास मिट्टी बहने से प्रभावित रेलमार्ग की बहाली के चलते किया गया है। रेलवे बोर्ड अंबाला की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार ब्रिज नंबर 57 के पास मिट्टी बह जाने के कारण ट्रैक प्रभावित हुआ है। इसकी बहाली का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी वजह से 16 से 30 सितंबर तक ट्रेन संचालन में यह बदलाव किया गया है। अप दिशा में ट्रेन नंबर 52457, 52451, 52459 और 52455 को इस अवधि के लिए रद्द किया गया है। इसके अलावा अप मिक्स ट्रेन का संचालन भी रद्द रहेगा। डाउन दिशा में ट्रेन नंबर 52458, 52452, 52460 और 52456 भी 16 से 30 सितंबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, डाउन मिक्स ट्रेन (कालका-शिमला) को भी रद्द कर दिया गया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
आंशिक रूप से चलने वाली ट्रेनें
रेलवे ने ट्रेन नंबर 52453 के संचालन में भी बदलाव किया है। यह ट्रेन 16 से 30 सितंबर तक धर्मपुर से ही चलेगी। इसका मतलब है कि कालका से धर्मपुर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 52454 शिमला से धर्मपुर तक ही चलेगी। धर्मपुर से कालका के बीच इसका संचालन भी रद्द रहेगा। यात्रियों को इन बदलावों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
बहाली कार्य जारी
रेलवे के अनुसार, ब्रिज नंबर 57 के पास ट्रैक की बहाली का काम लगातार जारी है। यह कार्य पूरा होने पर ही रेलमार्ग पर सामान्य ट्रेन सेवा शुरू होगी। यात्रियों को 30 सितंबर तक रेल यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों के संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। इससे उन्हें यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचने में मदद मिलेगी।