{"_id":"68345ed5f80d9407b401b371","slug":"himachal-record-of-surplus-tgt-sought-in-a-week-appointment-will-be-done-according-to-the-number-of-students-2025-05-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal News : सरप्लस टीजीटी का एक हफ्ते में मांगा रिकॉर्ड, विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से होगी नियुक्ति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal News : सरप्लस टीजीटी का एक हफ्ते में मांगा रिकॉर्ड, विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से होगी नियुक्ति
Tue, 27 May 2025 05:00 AM IST
अंकेश डोगरा
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
Published by: अंकेश डोगरा
Updated Tue, 27 May 2025 05:00 AM IST
सार
हिमाचल प्रदेश में अब विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से शिक्षकों को स्कूलों में नियुक्त किया जाएगा। आवश्यकता से अधिक नियुक्त शिक्षकों की अन्य संस्थानों में सेवाएं ली जाएंगी। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत सरप्लस टीजीटी के अन्य शिक्षण संस्थानों में तबादले किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने एक सप्ताह के भीतर सभी जिला अधिकारियों से इस बाबत रिकॉर्ड मांगा है। अब विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से शिक्षकों को स्कूलों में नियुक्त किया जाएगा। आवश्यकता से अधिक नियुक्त शिक्षकों की अन्य संस्थानों में सेवाएं ली जाएंगी। बीते दिनों शिक्षा निदेशालय ने युक्तिकरण के तहत सरप्लस 449 शिक्षकों के तबादले कर दिए थे, लेकिन कुछ दिन बाद ही इन आदेशों पर रोक लगाते हुए शिक्षकों को वापस पुराने स्कूलों में पद ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे। अब नए सिरे से सूची बनाकर सरप्लस शिक्षकों को बदलने की तैयारी है।
विज्ञापन
शिक्षा निदेशालय ने बीते माह 310 टीजीटी कला, 99 टीजीटी मेडिकल और 40 टीजीटी नॉन मेडिकल को युक्तिकरण के तहत स्थानांतरित किया था। चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, कांगड़ा और मंडी के दूरदराज क्षेत्रों में इनकी तैनाती दी गई थी। हिमाचल के स्कूल में शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के करीब 8403 पद रिक्त हैं। स्कूल में अध्यापकों, प्राध्यापकों व प्रधानाचार्यों के कुल 55,660 पद सृजित हैं। इनमें से 44,606 पद भरे हुए हैं। 8403 पद रिक्त हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मई के दौरान हुए स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिलों के आधार पर अब सरप्लस टीजीटी को बदला जाएगा। जिला अधिकारियों से आंकड़े आने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को सौंपी जाएगी। शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बाद युक्तिकरण के तहत सरप्लस शिक्षकों को आवश्यकता वाले स्कूलों में भेजा जाएगा।
विज्ञापन