Himachal Masjid Controversy: हिमाचल में कुछ ऐसे अदा की गई नमाज, चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस का पहरा
शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला और मंडी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। विवाद के चलते मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस के कड़े पहरे के बीच नमाज पढ़ी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंडी जिला मुख्यालय के जेल रोड स्थित विवादित मस्जिद में शुक्रवार दोपहर एक बजे मुस्लिम समुदाय के चार लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिद के आसपास क्यूआरटी के साथ विशेष पुलिस बल मौजूद रहा। सुबह 12:30 बजे तक मस्जिद में ताला लगा रहा और क्यूआरटी, पुलिस के जवान निगरानी करते रहे। करीब पौने एक बजे मुस्लिम समुदाय के चार लोग आए और अंधेरे में बैठकर नमाज पढ़ी। उल्लेखनीय है कि बिजली बोर्ड ने एक दिन पहले मस्जिद का बिजली कनेक्शन काट दिया था। इसके चलते नमाज स्थल पर अंधेरा रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस दिन भर सतर्क रही और सकोडी चौक के अलावा तल्याहड़ में भी विशेष नाका लगाकर निगरानी रखी गई।
वहीं, मंगवाई मस्जिद में भी दोपहर 11 बजे से नमाज अदा करने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जहां भी क्यूआरटी जवानों और विशेष पुलिस दल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधीक्षक मंडी, साक्षी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को स्थिति को देखते हुए विशेष पुलिस तैनात की गई थी।
संजौली में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिदों में पढ़ी गई नमाज
संजौली में मस्जिद के निर्माण को लेकर उपजे विवाद के चलते शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस के कड़े पहरे के बीच नमाज पढ़ी। धरना-प्रदर्शन के चलते सरकार ने मस्जिदों के आसपास भीड़ न जुटाने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। नमाज पढ़ने वालों के पहचान पत्र जांचने के बाद ही मस्जिदों में प्रवेश करने दिया जा रहा है। हिमाचल के बॉर्डर एरिया में भी चौकसी बढ़ाई गई है। चौबीस घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने मुस्लिम समुदाय के कॉलोनियों में भी पुलिस सुरक्षा बढ़ाई है।
प्रदेशभर में मस्जिदों के निर्माण कार्य को लेकर पनपे विवाद के बीच शुक्रवार को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से मटाहणी के पास बैरिकेड लगाए। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली थी कि हिंदू संगठन मटाहणी मस्जिद के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे। पुलिस को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी सुरक्षा के लिए कहा था। इसी के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और करणी सेना को राज्य चयन आयोग के कार्यालय के पास लगाए बैरिकेड से आगे ही नहीं जाने दिया। इस पर करणी सेना के सदस्यों ने पुलिस पर भड़ास निकाली।