Himachal CM: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण, गगरेट में लगेगा बांस आधारित उद्योग
हिमाचल प्रदेश के मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं, कृषि और वन विभाग को गगरेट में बांस आधारित उद्योग स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शक्तिपीठों ज्वालामुखी, नयना देवी, चिंतपूर्णी और बाबा बालकनाथ मंदिर का प्रथम चरण में सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके बाद प्रदेश के अन्य मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर काम शुरू किया जाएगा। कृषि और वन विभाग को गगरेट में बांस आधारित उद्योग स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला ऊना के कुटलैहड़ में गोबिंदसागर झील में वाटर स्पोर्ट्स जल्द शुरू करने को कहा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ई-वाहनों के संचालन को बढ़ावा दे रही है और 327 इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने के लिए भी टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने राज्य में ई-वाहनों के चार्जिंग स्टेशन की स्थापना पर भी जोर दिया। सीएम ने कहा कि हिमाचल 31 मार्च 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य बनेगा। विधायक प्राथमिकता बैठकों के दूसरे दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री ने शिमला, मंडी, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर जिलों के विधायकों के साथ उनकी प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
सुक्खू ने कहा कि ठियोग की कुरपन पेयजल योजना को शुरू करने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने जल शक्ति विभाग को इस योजना को 30 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए। रोहड़ू-चिड़गांव सड़क की हालत में सुधार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नीतिगत बदलाव लाकर हिमाचल प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य के अनुरूप उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में पर्यटन, डेयरी, आईटी व डाटा स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग सहित अन्य ग्रीन इंडस्ट्रीज को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विधायकों के सुझावों को बजट में प्राथमिकता
सीएम ने कहा कि विधायकों के सुझावों को बजट में प्राथमिकता दी जाएगी। विधायकों को जनता चुनकर भेजती है, इसलिए वह जनसमस्याओं से वाकिफ होते हैं। राजनीतिक लाभ के लिए पूर्व सरकार में नए संस्थान खोलने पर जोर रहा, लेकिन संस्थानों में सुविधाएं जुटाने और उन्हें मजबूत बनाने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई तकनीक के इस्तेमाल के लिए प्रयास कर रही है। इसके साथ ही खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है।