हमीरपुर। पड़ोसी राज्य पंजाब में कोरोना के नए रूप का खौफ जिले में नजर नहीं आ रहा है। जिला मुख्यालय सहित उपमंडलों के मुख्य संस्थानों में भी कोरोना नियमों का पालन नहीं हो रहा है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग तो हो रही है। लेकिन हाथ सैनिटाइज नहीं करवाए जा रहे हैं। वहीं, ओपीडी के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। न तो कोई सुरक्षा कर्मी इन्हें दूर कर रहा है और न ही लोग खुद सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी भीड़ उमड़ रही है। उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर में कोरोना काल में प्रवेशद्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाती थी। लेकिन अब यहां फरियादी बिना स्क्रीनिंग के ही दाखिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा खतरा बस अड्डा हमीरपुर पर है। यहां पर पंजाब सहित अन्य राज्यों के यात्री भी पहुंचते हैं। यहां अधिकतर लोग बिना मास्क के ही देखे जा रहे हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या कॉलेज और स्कूली छात्रों की है। लोग और छात्र बसों के इंतजार में बस अड्डा पर बैठे रहते हैं, लेकिन कोविड-19 नियमों का पालन नहीं करते हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. आरके अग्रिहोत्री ने कहा कि लोगों को समाजिक दूरी और कोरोना नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा कर्मी ओपीडी के बाहर तैनात हैं और लोगों को निर्देश देते रहते हैं। सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि लोग कोरोना को हल्के में न लें। नए स्ट्रेन से बचने के लिए मास्क, सामाजिक दूरी व सभी नियमों का पालन करें।

हमीरपुर बाजार में कोरोना के नए रूप से बेखौफ बिना मास्क के घूमते कुछ लोगख् जबकि कुछ ने मास्क लगाए ।- फोटो : Hamirpur-HP

हमीरपुर बाजार में कोरोना के नए रूप से बेखौफ बिना मास्क के घूमते युवक।- फोटो : Hamirpur-HP