हमीरपुर। भाई-बहन के प्यार का त्योहार रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही दुकानदारों ने दुकानों पर रंग-बिरंगी स्टाइलिश राखियां सजाना शुरू कर दी हैं। वहीं डाक विभाग भी बरसात के इस मौसम में महिलाओं को वाटर प्रूफ लिफाफे उपलब्ध करवा रहा है ताकि डाक भेजते समय कहीं पानी आदि से राखी खराब न हो। साथ ही सभी भाइयों को समय पर राखी मिले, इसके लिए ड्राइव अभियान भी चलाया गया है। विभाग में अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटियां लगाकर देश और प्रदेश के कोने-कोने तक राखियां भेजी जा रही हैं।
देशभर में 22 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। दुकानों में 15 रुपये की राखी से लेकर 500 रुपये तक की राखी मिल रही है। महिलाएं अपने-अपने बजट व पसंद के हिसाब से राखियां खरीद रही हैं। महिलाओं सुमन, सुनीता, पलक आदि ने कहा कि वह राखियां लेने आई हैं ताकि डाक विभाग के माध्यम से समय पर भाइयों के पास यह राखियां पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पिछली राखी फिकी रह गई थी और राखी बांधने भाई घर पर नहीं पहुंच सके थे। लेकिन इस बार राखी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। डाक विभाग के एसएसपी भवानी प्रसाद ने कहा कि राखियों के लिए वाटर प्रूफ लिफाफा उपलब्ध करवाया जा रहा है। ड्राइव अभियान भी शुरू किया गया है ताकि समय पर राखियां पहुंच जाएं।