रंगस (हमीरपुर)। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में कार्यरत भाषा एवं साक्षरता मंडल थीम अक्षर की ओर से शनिवार को महाविद्यालय में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के डीन डॉ. सोमदेव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि अक्षर के ज्ञान से ही सृष्टि का संचार चलता है। इसलिए समाज में अधिक से अधिक लाभ उस वर्ग को मिलना चाहिए जो अक्षर ज्ञान से आज भी वंचित है। महाविद्यालय में कार्यरत इस मंडल का मूल उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब समाज को भी ऐसे आयोजनों का लाभ मिल सके।
उन्होंने भाषा एवं साक्षरता मंडल का प्रोत्साहन किया। प्रश्नोत्तरी के पांच चरण आयोजित किए गए। इसमें सामान्य ज्ञान, विज्ञान एवं तर्क, लोकोक्ति एवं प्रसिद्ध युक्तियां, चित्र आधारित प्रश्न, पौराणिक ज्ञान एवं खेल और सामाजिक ज्ञान मुख्य विषय रहे। प्रतियोगिता में टीम ए से तनुषा, रविंद्र प्रथम, टीम सी से अनुभव, आदित्य द्वितीय और टीम ई से उज्ज्वल और पीयूष तृतीय स्थान पर रहे। प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को स्वर्ण पदक और 1,000 रुपये नकद राशि, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को रजत पदक और 750 रुपये नकद राशि और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को कांस्य पदक व 500 रुपये नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ. शशि शर्मा, डॉ रीना रत्न सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।