हमीरपुर। एसएफआई के 20वें राज्य सम्मेलन का समापन रविवार को हमीरपुर में हुआ। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में राज्य भर से आए 300 प्रतिनिधियों ने विश्व, देश और राज्य की राजनीतिक परिस्थिति और शिक्षा व्यवस्था के समक्ष मौजूद चुनौतियों के बारे में परिचर्चा की। इसके लिए आगामी रणनीति भी तैयार की गई। इस सम्मेलन के अंतिम दिन पुरानी राज्य कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी बनाई गई। नई कार्यकारिणी में रमन थारटा को अध्यक्ष, अमित ठाकुर को सचिव बनाया गया। इसके अलावा 45 सदस्यीय कार्यकारिणी और 17 सदस्यीय सचिवालय का गठन किया गया।
सचिवालय में रमन थारटा अध्यक्ष, अमित ठाकुर सचिव, विक्रम बग्गा उपाध्यक्ष, जीवन ठाकुर उपाध्यक्ष, सौरभ कौंडल संयुक्त सचिव, बंटी ठाकुर संयुक्त सचिव, पवन शर्मा, नेहा, मनोज, कुलदीप, अनिल, निधि चौहान, गौरव, सपना, पंकज, रोहित और दिनेश संधू को शामिल किया गया है। सम्मेलन में आगामी दो वर्षों में प्रदेश में छात्र समुदाय को लामबंद करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति, राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन विधेयक, शिक्षा के भगवाकरण और शिक्षा के बजट में केंद्र की भागीदारी को बढ़ाने के लिए संघर्ष की रणनीति बनाने, निजी शिक्षण संस्थानों की मनमानी लूट, अध्यापकों के रिक्त पड़े पदों को भरने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने सहित देश के संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और प्रगतिशील मूल्यों पर बढ़ रहे हमलों के विरुद्ध संघर्ष तेज करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।