भोरंज (हमीरपुर)। संयुक्त पटवारी और कानूनगो संघ ने कार्यकारी प्रधान सुनील कुमार की अगुवाई में विधायक कमलेश कुमारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें उन्होंने मांग की है कि पटवारी व कानूनगो का सारा कार्य तकनीकी है, इसलिए उन्हें तकनीकी स्केल दिया जाए। अन्य विभागों की तरह पटवारी, कानूनगो को निश्चित समय अवधि के बाद प्रमोशन या वित्तीय लाभ मिलना चाहिए। पटवारी व कानूनगो की वेतन विसंगति को दूर किया जाए। छठे वेतन आयोग में पुन: विसंगति की पुनरावृत्ति की गई है।
तहसील कार्यालय रिकॉर्ड रूम में कानूनगो का पद सृजित किया जाए। पटवारी, कानूनगो को मूलभूत सुविधाएं कंप्यूटर, ब्रॉडबैंड, वाई फाई कनेक्शन तथा बिल भुगतान का प्रबंध भी समय पर किया जाए। ऑनलाइन कार्य के लिए तहसील कार्यालय में हाईटेक कंप्यूटर लैब की व्यवस्था हो। पटवारी व कानूनगो को गैर राजस्व कार्यों में न लगाया जाए, ताकि जनहित कार्यों में विलंब न हो। दैनिक कार्यों जैसे निशानदेही, तकसीम, डाक वितरण आदि के निपटारे के लिए अंशकालीन सहायक कर्मचारी उपलब्ध कराया जाए। इस मौके पर पुरुषोत्तम लाल, वीरेंद्र, सपना, धर्म चंद, ओंकार, कमल देव, अजय, विवेक, तृप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।