नादौन। पंचायत समिति नादौन को बेहतर कार्य के लिए प्रदेशभर में प्रथम स्थान मिला है। शनिवार को उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने यह सम्मान दिया। इस दौरान पंचायत समिति अध्यक्ष कमल दत्त और खंड विकास अधिकारी नादौन अपराजिता चंदेल को सम्मानित किया गया। पंचायत समिति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर विज्ञान भवन में सम्मानित करने वाले थे परंतु कोविड के कारण समारोह स्थागित कर दिया गया। पंचायत समिति को प्रदेशभर में प्रथम आने पर दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के तहत 25 लाख रुपये बतौर इनाम मिले हैं। यह सम्मान विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सौहार्द, राजस्व बढ़ाने, स्वास्थ्य, सोलर लाइट, पंचायत भवन निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने पर मिला है। वहीं, प्रदेश भर में दूसरा प्रथम पुरस्कार ग्राम पंचायत विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर मिला है। यह पुरस्कार किटपल पंचायत को मिला है।
पुरस्कार में पांच लाख रुपये की राशि बतौर इनाम मिलेगी। पंचायत प्रधान मीरा देवी ने यह सम्मान प्राप्त किया। बीडीओ अपराजिता चंदेल ने कहा कि नादौन पंचायत समिति को प्रथम बार यह सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने अपनी समस्त टीम को बधाई दी है। वहीं, पंचायत निरीक्षक पम्मी कुमार ने कहा कि नादौन के ही स्वयं सहायता समूह न्यू आजीविका भरमोटी को भी प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। महिला दिवस के अवसर पर शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें सम्मानित किया था।